इटावा। बकेवर थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौतमपुर के किसान व शिक्षिका के घर को शनिवार रात चोरों ने निशाना बनाया। शिक्षिका के घर से 15 लाख के जेवर व नगदी चोरी की, जबकि किसान के घर से लगभग डेढ़ लाख का सामान चुरा लिया। बराउख चौकी पुलिस ने पीड़ित व ग्रामीणों से पूछताछ की। चौकी इंचार्ज के मुताबिक चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
ग्राम गौतमपुर निवासी महेंद्र प्रताप सिंह पेशे से किसान हैं। इनकी पत्नी स्नेहलता प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। किसान ने बताया कि शनिवार रात को वह खाना खाने के बाद परिजनों के साथ अपने कमरे में सो गए थे। तभी देर रात घर में चोर घुस आए और कमरे में रखी ऑलमारी का तोड़ दिया।
चोर उसमें रखे सोने के तीन हार, दो बेंदा, तीन सोने की जंजीर, तीन मंगलसूत्र, सोनी की तीन जोड़ी बृजवाला, सोने की तीन जोड़ी झुमकी, चांदी की तीन जोड़ी पायल, तीन जोड़ी करधनी, सोने की दस अंगूठी, तीन जोड़ी चूड़ियां व 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। रविवार सुबह उठे तो कमरे में रखा सामान बिखरा और जेवर व नगदी गायब थी। यह देख दंपति के होश उड़ गए। पीड़ित ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। शिक्षिका स्नेहलता ने लगभग 15 लाख रुपये के नुकसान की जताते हुए पुलिस के तहरीर दी है।
वहीं गांव के किसान हरिशचंद्र पुत्र पुन्नू लाल के घर से चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक का सामान पार कर दिया। बताया कि चोर शनिवार देर रात किसी तरह छत पर चढ़े और सीढ़ियों से नीचे उतर आए। अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी एक जोड़ी झुमकी, सोने की चेन, तीन जोड़ी चांदी की पायल व सोने की तीन अंगूठी व चार हजार रुपये नगद सहित करीब डेढ़ लाख से अधिक रुपये का सामन चोरी कर ले गए। दोनों घरों में चोरी होने पर ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं।
बराउख चौकी प्रभारी जगमोहन सिंह ने बताया कि दो घरों में चोरी की जानकारी हुई है। तहरीर लेकर चोरों की तलाश की जा रही है। दोनों पीड़ितों के मकान बस्ती में एक मंजिल के हैं। चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। दोनों पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।