इटावा। महेवा के नगलाचंदी गांव में एक विवाहिता ने ससुर से कहासुनी होने पर फांसी लगाकर जान दे दी। भट्ठा मजदूर पति गुरुवार सुबह काम पर निकला और उसके जाते ही विवाहिता ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बकेवर थाना क्षेत्र के नगलाचंदी गांव निवासी संजीव कुमार उझियानी गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। बुधवार को उसकी पत्नी रजनी (38) की अपने वृद्ध ससुर राजाराम से किसी बात को कहासुनी हो गई। संजीव ने पत्नी को पिता के बुढ़ापे का वास्ता देकर शांत करा दिया था। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह भट्ठे पर काम करने चला गया। 17 साल का बड़ा हरेंद्र, उससे छोटी निधि और सबसे छोटा बेटा प्रांशु खा पीकर घर से बाहर निकल गए। घर में सिर्फ ससुर और बहू मौजूद रहे। दोपहर करीब एक बजे हरेंद्र घर लौटा तो उसने मां रजनी को आवाज लगाई। कमरे को बंद देख उसने आस पड़ोस के लोगों को बुलाया। खिड़की से कमरे के अंदर झांका गया तो रजनी फांसी पर लटकी दिखी।
खबर मिलते ही संजीव घर पहुंचा और कुंडी तोड़कर शव को नीचे उतारा। आनन फानन सीएचसी महेवा लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने रजनी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर चौकी प्रभारी नीतेंद्र वशिष्ठ और एसएसआई सुरेश चंद्र पहुंचे। औरैया जिले के जरूलिहा गांव निवासी मृतका के भाइयों महेश बाबू, केसरलाल, नाथूराम की सहमति से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीनों भाइयों ने फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।