इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के आजादनगर गांव निवासी युवक की फांसी लगने से मौत हो गई। युवक का शव ट्यूबवेल के कुएं में रस्सी के सहारे लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थाना क्षेत्र के हर्राजपुर गांव में भूपसिंह के खेत पर मौजूद बंद पड़े ट्यूबवेल का कुआं बाहर बना है। सोमवार दोपहर परिजनों ने ही हर्राजपुर गांव के मजरा आजाद नगर निवासी उमेश कुमार (26) पुत्र लालाराम दोहरे के शव को रस्सी के सहारे कुएं में लटका पाया। ग्रामीणों ने बताया कि उमेश अपने घरवालों से झगड़ कर गुस्से में निकल आया। इसलिए परिजन उसे खोजते हुए आ रहे थे। तभी उन्होंने कुएं में उसका शव लटका हुआ देखा।
खबर फैलने पर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। कस्बा प्रभारी उप निरीक्षक राजवीर सिंह मौके पर गए। शव को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।