इटावा। सोशल मीडिया पर प्रदेश के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी देने का वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले के आरोपी राजमणि तिवारी की आवाज का नमूना पुलिस न्यायालय के आदेश पर लेगी।
ग्राम बहेड़ा निवासी राजमणि तिवारी पुत्र अशोक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर ढाई सप्ताह पूर्व आया था। इसमें वह प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दे रहा था। क्षत्रिय स्वाभिमान मंच के विकास भदौरिया ने युवक के खिलाफ बकेवर थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई के दौरान कि न्यायालय ने पुलिस को निर्देश दिए कि वायरल वीडियो में आरोपी की आवाज है कि नहीं इसके लिए उसकी आवाज का नमूना लेकर उसकी आवाज का परीक्षण कराया जाए। बकेवर थाना प्रभारी बकेवर प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया पुलिस ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।