इटावा/जसवंतनगर। जिलाधिकारी श्रुति सिंह, एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को शहर और देहात क्षेत्र के विद्यालयों में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। दोनों अफसरों ने पोलिंग बूथों में प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिव नारायन इंटर कालेज, केकेडीसी, एसडी इंटर कालेज, वीणा वादिनी इंटर कालेज और बौद्ध विद्या मंदिर इंटर कालेज में बनाए गए मतदान केंद्रों के बूथों को देखा।
सभी बूथों पर कमरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय आदि मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वीणा वादिनी इंटर कालेज पहुंचकर विद्यालय के प्रधानाचार्य से 15 से 17 वर्ष आयु के छात्रों के संबंध में जानकारी करने पर बताया गया कि इस आयु वर्ग के 187 छात्र पंजीकृत है।
इस पर उन्होंने इनकी जन्म तिथि का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। बौद्ध विद्या मंदिर इंटर कालेज के कमरों में लाइट की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। कमरे में एक बल्ब लगा हुआ था, जिसकी रोशनी बहुत कम थी।
इस पर उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य को सभी कमरों में प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर राजेश कुमार वर्मा और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रबंधक उपस्थित रहे।
जसवंतनगर कस्बे के कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में में डीएम और एसएसपी ने पहुंचकर मतदान केंद्र की स्थिति देखी। उन्होंने बीएलओ से मतदाताओं के घर-घर जाकर संपर्क करके सही रिपोर्ट देने के लिए कहा।
इसके बाद दोनों अधिकारी सिसहॉट स्थित प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। वहां पर दोनों बूथों के बीएलओ से कई जानकारियां पूछी।
दोनों ही स्थानों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, इसलिए वहां की बिजली की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।