कोरोना से डरने और घबराने की जरूरत नहीं है, बस सतर्कता व सावधानी से काम लेना है क्योंकि कोरोना महामारी बच्चों, बूढ़ों और बीमारों तक से हार रही है।
कोरोना संक्रमित हुई जिले की दो साल की बच्ची, किडनी रोगी और 65 साल तक के बुजुर्ग स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं।
जिले में अभी तक 57 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें 26 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब 29 पॉजिटिव अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
डॉक्टरों के अनुसार जल्द ही वे भी ठीक होकर घर लौटेंगे। जिले में पहला कोरोना पॉजिटिव जसवंतनगर तहसील क्षेत्र के नगला भगत में निकाला था।
43 वर्षीय आलू व्यापारी धर्मपाल 21 दिन के अंदर ही कोरोना महामारी को मात देकर घर लौट आए। दूसरे पाजिटिव 62 वर्षीय सुतियानी के श्रीपाल और तीसरे पाजिटिव संतोषपुरा गांव के 59 वर्षीय ओम प्रकाश ने भी महज 12 से 20 दिन में ही कोरोना पर विजय पा ली।
जिला अस्पताल में वार्ड ब्वॉय साबितगंज निवासी 47 वर्षीय आलिम रिजवी किडनी के रोगी हैं। रिजवी को डायलिसिस करानी पड़ती है।
मई में वे कोरोना संक्रमित हो गए और 12 दिन बाद ठीक हो गए। इसी तरह दो वर्ष की लड़की इक्षा कोरोना पॉजिटिव होने के बाद 12 दिन में ठीक होकर घर लौट आई।
धर्मपाल (43), श्रीपाल (62), ओम प्रकाश (59), स्नेहलता (18), रमाकांत (30), आलिम रिजवी (47), सत्यप्रकाश (51), प्रदीप (58), विवेक सिंह (22), शाहरुख (23), बृजेश कुमार (19), शाहिद वारसी (45), रज्जाक वारसी (12)
अशद वारसी (18), शमीम बेगम (40), शारिया बेगम (40), सत्यवीर (30), सुघर सिंह (48), इक्षा (2), अरविंद (50), रामू (36), अक्षय त्रिपाठी (22), रविकांत दीक्षित (40), अरविंद बाबू (42), मुन्नी देवी (32), संजय कुमार (25)।
कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है, अगर गलती से संक्रमित के संपर्क में आ जाएं तो जांच कराएं, देश में ठीक होने का औसत अन्य देशों की अपेक्षा बहुत बेहतर है।
संक्रमित के ठीक होने बाद उससे किसी तरह का खतरा नहीं रहता है। होम क्वारंटीन पूरा करने वालों से भी भेदभाव न रखें, उनसे भी कोई खतरा नहीं होता है। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। डॉ. एनएस तोमर, सीएमओ
कोरोना महामारी से डरें नहीं केवल सावधानी बरतें, संक्रमित क्षेत्र में न जाएं जब तक व्यक्ति संक्रमित है तब तक उसके संपर्क में न रहें।
संक्रमित व्यक्ति के ठीक होने और क्वारंटीन अवधि पूरी करने वाले व्यक्ति से किसी तरह को कोई खतरा नहीं होता है। ऐसे लोगों से दूरी न रखें। शासन के निर्देशों का पालन करें, बिना मास्क बाहर न जाएं और भीड़ में बेवजह जाने से बचें।
- जेबी सिंह, जिलाधिकारी