इटावा। सरस्वती इंटर कालेज मोतीझील के परिसर में विद्या भारती के इटावा जिले के सभी विद्यालय के कर्मचारियों को राशन वितरित किया गया। विद्या भारती भारतीय शिक्षा समिति कानपुर के मंत्री रामप्रकाश पोरवाल ने बताया कि विद्या भारती के सौजन्य से पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी कर्मचारियों को राहत सामग्री वितरित की गई है। जिसमें आटा, चावल, आलू, प्याज, सरसों का तेल, दाल, चीनी और अन्य आवश्यक वस्तुएं हैं।
आरएसएस के विभाग कार्यवाह डॉ. प्रदीप भदौरिया ने कहा कि ऐसी विषम परिस्थिति में विद्या भारती अपने सभी विद्यालय के कर्मचारियों को राहत सामग्री प्रदान कर रही है। जिला शासकीय अधिवक्ता शिवकुमार शुक्ल ने राहत सामग्री प्रदान करने वाली संस्था की प्रशंसा की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य भारत सिंह ने बताया कि उपेक्षित क्षेत्र उत्थान न्यास नई दिल्ली के सौजन्य से टोडी फाउंडेशन यूएसए और आर्या फैमिली फाउंडेशन यूएसए ने समस्त सामग्री दी है। इस मौके पर विद्यालय के कोषाध्यक्ष विमल गुप्ता, बसरेहर के प्रधानाचार्य प्रभूदयाल, जसवंतनगर के प्रधानाचार्य अमित यादव उपस्थित रहे।