इटावा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य सत्य प्रकाश यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई ऑनलाइन बैठक में बुनियादी भाषा एवं गणित आधारित प्रशिक्षण और 100 दिवसीय पठन अभियान पर चर्चा की गई।
प्राचार्य ने कहा कि मोहल्ला कक्षाओं को फिर से शुरू करने के निर्देश मिल गए हैं। ऐसे में शिक्षक कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए पठन-पाठन गतिविधियां संचालित करें और उसके फोटोग्राफ निर्देशित ग्रुप में भेजें।
कहा कि सीमेट प्रयागराज से लगातार बुनियादी भाषा एवं गणित के संबंध में जिले की स्थिति के विषय में जानकारी मांगी जा रही है। सभी बीईओ सीमेट से भेजे गए फॉर्म को भर प्रशिक्षण की तिथि बताना सुनिश्चित करें।
निर्देश दिए कि जनपद में 100 दिवसीय पठन-पाठन अभियान जोर-शोर से चलाया जाए।
प्रधानाध्यापक के व्हाट्सएप के माध्यम से पठन सामग्री बच्चों/अभिभावकों को प्रेषित कराएं तथा बच्चों एवं उनके अभिभावकों को निरंतर प्रेरित करें कि वह पढ़ाई की गतिविधि संचालित करते रहें।
बैठक में एसआरजी (स्टेट रिसोर्स ग्रुप) सदस्य राम जनम सिंह, मीनाक्षी पांडेय और संजीव चतुर्वेदी ने भी विचार रखे।