इटावा। मकान का नक्शा पास कराना और महंगा हो गया है। 10 लाख से ऊपर के निर्माण पर भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का एक प्रतिशत सेस लगेगा। यह आदेश इटावा क्षेत्र में एक अप्रैल 2019 से लागू किया गया था, लेकिन इसकी वसूली नहीं हो रही थी। अब इसकी वसूली शुरू कर दी गई है। यही नहीं एक अप्रैल 19 से 13 मई 2022 तक स्वीकृत कराए गए नक्शों पर भी सेस की वसूली की जाने लगी है।
इटावा में विनियमित क्षेत्र के अंतर्गत भवन निर्माण कराने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना होता है। इसके लिए नक्शा निर्धारित मानकों के आधार पर अनुमानित लागत के साथ नियत प्राधिकारी विनियमित क्षेत्र में जमा करना होता है। निर्धारित विकास शुल्क जमा कराने के बाद नक्शा स्वीकृत होता था। अब नक्शे के साथ अनुुमानित लागत के आधार पर एक प्रतिशत सेस पहले जमा करना होना। इसके लिए कैनरा बैंक की शाखा में खाता खुलवाया गया है। धनराशि को बैंक ड्राफ्ट के जरिये जमा कराया जाएगा।
विनियमित क्षेत्र में हर साल औसतन 250 नक्शे स्वीकृत कराए जाते हैं। एक अप्रैल 19 से 13 मई 2022 तक स्वीकृत 750 नक्शों की सूची श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय को भेजी गई है। इन भवन स्वामियों से सेस की वसूली का काम श्रम प्रवर्तन अधिकारी करेंगे। विनियमित क्षेत्र के अवर अभियंता ओमकार ने बताया कि पूर्व में बनाए गए भवनों के नक्शों पर भी सेस की वसूली कराई जाएगी। इस राशि को श्रमिक कल्याण के कार्यों में खर्च किया जाता है।