सपा विधायक राघवेंद्र गौतम। संवाद
- फोटो : ETAWAH
बकेवर। भरथना से सपा विधायक राघवेंद्र गौतम ने विधानसभा में बकेवर के 50 शैय्या अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती करने व चकरनगर ब्लॉक में पचनद पर बांध बनाने की मांग रखी।
विधायक ने सोमवार को विधानसभा में बकेवर कस्बा में बने 50 शैय्या अस्पताल में चिकित्सकों व फार्मासिस्ट की तैनाती करने और खून की जांच की अन्य सुविधाएं देने की मांग उठाई है। उन्होंने भरथना विधनासभा क्षेत्र के चकरनगर तहसील क्षेत्र के पचनद पर बांध बनाए जाने की मांग उठाई। इससे उस समूचे बीहड़ क्षेत्र के सैकड़ों गांवों ही नही बल्कि इटावा, औरैया, जालौन के किसानों को खेतीबाड़ी में फसलों की सिंचाई के लिए लाभ होगा।
सपा विधायक ने भरथना कस्बा में पाली बंबा से लेकर ओवर ब्रिज तक बने बाईपास पर आठ सौ मीटर की सड़क की मरम्मत की मांग की। सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सपा विधायक ने कस्बा लखना से बिजली कर्मी के 11 वर्षीय लापता बालक का एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई पता नही लगा पाने पर कानून व्यवस्था पर विधानसभा में सवाल उठाया।