सैंफई। नगला पम्मी गांव के पास आठ लोगों ने ठेकेदार के साथ मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूट ली। मारपीट व लूट का वीडियो भी वायरल हो गया। पुलिस ने छह नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बरौली खुर्द गांव निवासी बलराम सिंह उर्फ बंटू ठेकेदारी का काम करते हैं। बृहस्पतिवार को शाम बाजार करने के लिए कुम्हावर आया था। घर लौटते वक्त जब वह नगला पम्मी के पास पहुंचे, तभी वहां एंबुलेंस गाड़ी लेकर शराब के नशे में खड़े लोगों ने रोक लिया।
बाइक छीनने का प्रयास करने लगे। जब उसने बाइक नहीं छोड़ी तो मारपीट कर उसे एंबुलेंस में डालने का प्रयास किया। चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर आए तो भाग निकले।
इसी बीच आरोपियों ने दो हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। बलराम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मोनू निवासी ग्राम लचोहन सैंफई, राहुल, गजेंद्र उर्फ गंजू आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।