चकरनगर (इटावा)। एसडीएम को धमकाने पर मोरम माफिया चकरनगर ब्लाक प्रमुख पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बीते 26 अप्रैल की रात उप जिला अधिकारी ने अवैध मोरंग के सात ट्रक सीज करने पर मोरंग माफिया ने एसडीएम के कार्यालय में जाकर बदसलूकी और अभद्रता की थी। जिस पर एसडीएम ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
एसडीएम मलखान सिंह ने 26 अप्रैल की रात सोने के पुरा बॉर्डर पर मौरंग से ओवर लोड सात ट्रक सीज कर दिए थे। इस पर खनन माफिया ने कार्यालय में जाकर एसडीएम से अभद्रता की। उन्हें दबाव में लेने का प्रयास किया।
एसडीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। माफिया के धमकाने की जानकारी जिला अधिकारी को दी गई थी।
एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि एसडीएम को धमकी देने के आरोप में चकरनगर की ब्लाक प्रमुख के पति शिव किशोर यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का भी आरोप है। मुकदमे में 332, 353, 379 और 411 सेवन सीएल ए एक्ट और 21 (1) खनिज एक्ट की धारा लगाई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।