इटावा क्लब में शनिवार को कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने फिल्म बाबरी मस्जिद एक प्रेमकथा का मुहूर्त किया। मां केलादेवी फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म के निर्माता इटावा निवासी धीरेंद्र राव चौबे हैं। इस फिल्म की ज्यादातर शूटिंग इटावा एवं आसपास के इलाके में होगी। शूटिंग की शुरुआत रविवार से होगी।
इटावा क्लब में फि ल्म के मुहूर्त के दौरान आए अभिनेता रवि किशन, खिसारी लाल यादव, काजल राघवानी, बृजेश त्रिपाठी, रितू पांडेय, तृषा खान, अनारा गुप्ता, केके गोस्वामी, अवधेश मिश्र, लाल प्रवीण भारद्वाज आदि को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह ने कहा कि बाबरी मस्जिद को 1990 में नेताजी ने बचाया था और 1992 में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। पूर्व एमएलसी रामनरेश यादव ने कहा कि इटावा में हिंदी फिल्मों की शूटिंग होना गौरव की बात है। फिल्म निर्माता धीरेंद्र चौबे ने कहा कि अदाकारा संभावना सेठ की फ्लाइट लेट हो जाने के कारण वह आ नहीं सकी। 16 अक्तूबर से फिल्म की शूटिंग शूरू होगी। इसमें उनके डांस की शूटिंग होगी। फिल्म निर्माता धीरेंद्र राव चौबे, उनके पुत्र पल्लव व रोहन चौबे ने अतिथियों, कलाकारों एवं फिल्म निर्देशक देव पांडेय का स्वागत किया। संचालन सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने किया। इस मौके पर सदर विधायक रघुराज सिंह शाक्य, राज्य मंत्री उमेश दीक्षित, जिला महासचिव कृष्णमुरारी गुप्ता, भरथना विधायक सुखदेवी वर्मा, भरथना ब्लाक प्रमुख हरिओम यादव, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मु. अल्ताफ, पूर्व जिला महासचिव अजय भदौरिया, केके यादव, डा. लक्ष्मीपति वर्मा, बाबा द मॉल के निदेशक संजय शुक्ला, सभासद दीपक भदौरिया, पूर्व सभासद यदुवीर सिंह यादव, धर्मवीर सिंह यादव विट्टू, राकेश यादव, अजय दुबे, सरिता सिंह, सुषमा भदौरिया, आदित्य गोविंद आदि मौजूद रहे।
जब शादी हुई तब गांव में नहीं थी बिजली
इटावा। सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने अपने बचपन की चर्चा की। साथ ही शादी की चर्चा करते हुए लोगों को हंसा दिया। उन्होंने कहा कि पांच किमी दूर पैदल स्कूल पढ़ने जाते थे। खेती करते थे। हल चलाते थे। कुटी काटते थे। सन 1981 में शादी हुई तो सैफई में बिजली नहीं जबकि शादी आगरा से हुई। अब बताओ कि आगरा की लड़की बगैर बिजली वाले सैफई में कैसे रही होगी। क हां सुहागरात मनी होगी। इस दौरान शिवपाल के समर्थन में नारे लगते रहे।
प्रेम कथा पर आधारित है बाबरी मस्जिद
इटावा। फिल्म बाबरी मस्जिद एक प्रेम कथा के हीरो खिसारीलाल यादव ने कहा कि फिल्म का न सिर्फ टाइटल बढ़िया है बल्कि फिल्क की कहानी भी हिट है। यह एक प्रेमकथा पर आधारित फिल्म है। इटावा को लेकर जो सोच थी उसके उलट इटावा मिला। अच्छा वातावरण व अच्छे लोग देखने को मिले।