बकेवर। लखना आदर्श नगर निवासी लापता बच्चे की खोज में शनिवार रात और रविवार को भी पुलिस ने कई स्थानों को खंगाला। आसपास के गांवों में पड़ताल की। लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कराया लेकिन अभी तक उसका सुराग नहीं लगा।
अवनीश कुमार द्विवेदी का शौर्य दुबे(6) शुक्रवार शाम को लगभग सवा पांच बजे लापता हो गया था। वह यूकेजी का छात्र है। दो दिन से लापता बच्चे का सुराग रविवार को भी नहीं लग सका। सीओ भरथना साधुराम, इंस्पेक्टर बकेवर विद्यासागर सिंह ने पुलिस टीम के साथ सुबह ही सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घरों की तलाशी ली।
एसएसपी इटावा जयप्रकाश सिंह ने रविवार दोपहर लापता बच्चे के परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद एसएसपी ने खोजी कुत्ते के जाने वाले स्थान को देखा। उन्होंने परिजनों के साथ-साथ मोहल्ले और कस्बे के अन्य लोगों से बात भी की। जिस दुकान से बच्चा मसाला खरीदने गया था वहां भी जानकारी ली।
बकेवर। भरथना क्षेत्र से विधायक सावित्री कठेरिया ने भी रविवार को परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को धैर्य बंधाया। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की भी जानकारी ली। उन्होंने सीओ भरथना से मुलाकात कर बच्चे को खोजने के प्रयास तेज करने के लिए कहा।