अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। आगरा-कानपुर हाईवे पर इकदिल थाना क्षेत्र के चांदनपुर मोड़ के पास स्थित कोल्ड स्टोरेज से बुधवार शाम बेहद घातक अमोनिया गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। रिसाव से पास कोल्ड स्टोरेज के पास स्थित फुफई गांव के लोगों और राहगीरों को सांस लेना मुश्किल हो गया। कोल्ड स्टोरेज के ऑपरेटर की सूचना पर मालिक के साथ ही पुलिस व प्रशासनिक अफसरों का अमला मौके पर पहुंचा। अनहोनी की आशंका के चलते फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस भी बुला ली गई। गांव में घरों से लोगों को बाहर बुला लिया गया। करीब चार घंटे बाद लीकेज बंद होने पर लोगों की राहत की सांस ली। हालांकि देर रात पुलिस व प्रशासनिक अफसर मौके पर डटे रहे।
शहर के पक्का बाग निवासी नरेश चंद्र यादव का हाईवे-दो स्थित चांदनपुर गांव मे ओवरब्रिज के नीचे एसएल नाम से कोल्ड स्टोरेज है। नरेश चंद्र ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में मशीनों की मरम्मत का काम बुधवार को चल रहा था। शाम करीब चार बजे पाइप लाइन से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। ऑपरेटर चंद्रशेखर ने तत्काल गैस लीकेज की सूचना मोबाइल पर उन्हें दी। आनन-फानन उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
उधर, जब तक अफसर, दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं गैस आसपास के क्षेत्र में फैल गई। पड़ोसी फुफई गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गैस लीकेज से उन लोगों को सांस लेने में परेशानी होनी लगी। रिसाव शुरू होने के करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस व एडीएम जय प्रकाश, एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, एसपी सिटी कपिल देव, सीओ राजीव प्रताप सिंह समेत तमाम पुलिस व प्रशासनिक अफसर पहुंचे। उद्यान अधिकारी भी टीम के साथ पहुंच गए। मौके पर टेक्नीशियन को बुलाकर गैस का रिसाव बंद कराया गया। तब जाकर लोगों की राहत की सांस ली। हालांकि, देर तक एहतियात अफसर व फायर कर्मी डटे रहे। सीओ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था जिसे बंद करा दिया गया है। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
गैस रिसाव बंद होने के बाद प्रशासनिक अफसर फफुई गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि गैस रिसाव के मद्देनजर रात में घर में एक ही व्यक्ति रुके। घर के बाहर खड़े ग्रामीणों का कहना था कि इस ठंड में वह लोग वृद्ध और बच्चों को लेकर कहां जाएं। अब जो होगा देखा जाएगा, वे घर से कहीं नहीं जाएंगे।