ताखा (इटावा)। अपर मुख्य सचिव गृह ने 15 दिन में पांचवीं बार मंगलवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य का जायजा लिया। सात जुलाई को मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा और डीजीपी एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने आएंगे।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले स्थल पर काम अधूरा है। समय पर काम पूरा करने के लिए मशीनें बढ़ा दी गई हैं। इसके बाद भी काम की गति देखकर अधिकारियों की धड़कने तेज हैं। मंगलवार शाम को करीब चार बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी कुदरैल पहुंचे और दोनों एक्सप्रेसवे के जोड़ने के काम का जायजा लिया।
दिलीप बिल्डकान कंपनी के कैंप कार्यालय ककराई में अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इसमें कहा कि किसी भी हाल में काम पूरा करें। 12 जुलाई को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। एसडीएम ताखा कौशल कुमार ने बताया कि तेजी से काम हो रहा है। समय पर अधूरे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।