भरथना। कस्बा के तिलक सड़क स्थित सराफा दुकान में गुरुवार शाम टप्पेबाज युवक पांच लाख की कीमत की 10 अंगूठी लेकर भाग गया। दुकानदार ने उसका कुछ दूर तक पीछा भी किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल उसकी तलाश शुरू कर दी।
कस्बा के तिलक सड़क स्थित नितिन आभूषण के सराफा की दुकान है। संचालक दुकानदार सचिन कुमार ने बताया कि शाम करीब सात बजे दुकान पर एक व्यक्ति सोने की अंगूठी लेने आया। उसने सचिन से डिजाइन दिखाने के लिए कहा। इस पर उन्होंने 10 सोने की अंगूठी से भरा पैकेट उसे दे दिया। हाथ में पैकेट लेते ही युवक दुकान से भाग गया। दुकानदार ने उसका बालूगंज मार्ग पर स्थित पानी की टंकी तक पीछा भी किया लेकिन पकड़ नहीं सके।
पैकेट का वजन करीब 23 ग्राम है जिसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है। घटना की सूचना पुलिस को दी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने में जुट गई। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही अज्ञात व्यक्ति की पहचान कर माल समेत लुटेरे को पकड़ा जाएगा।