इटावा। संगम एक्सप्रेस में खूनी डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों को जीआरपी ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जीआरपी का दावा है कि तीनों युवकों को लूट की योजना बनाते समय मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। युवकों के पास से संगम एक्सप्रेस में एक यात्री से लूटा गया बैग सहित तमंचा व चाकू बरामद किया गया है। मालूम हो कि इससे पहले डकैती कांड में शामिल चार युवकों को जीआरपी जेल भेज चुकी है।
संगम एक्सप्रेस में 31 मार्च की रात भरथना क्षेत्र के सीपुरा गांव के पास हथियारबंद बदमाशों ने डाका डाला था। 55 मिनट तक ट्रेन को हाईजैक करके डकैतों ने करीब आधा सैकड़ा यात्रियों के साथ लूटपाट की थी। विरोध करने वाले तीन यात्रियों को गोली मारकर घायल कर दिया था। थानाध्यक्ष जीआरपी यशपाल सिंह यादव ने पत्रकारों को बताया कि ट्रेन में डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश मंगलवार की शाम करीब 7:00 बजे सरायभूपत रेलवे स्टेशन पर लूट की योजना बना रहे थे। इसी बीच जीआरपी टीम ने मुठभेड़ के बाद तीन युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों में रामू दिवाकर उर्फ राजीव पुत्र रामौतार, कल्लू उर्फ पिंकू गोस्वामी पुत्र सुरेशचंद्र, राधेमोहन उर्फ मोहन पुत्र सुरेशचंद्र सभी निवासी जवाहर रोड, भरथना हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों युवक संगम एक्सप्रेस डकैती कांड में शामिल थे। जीआरपी की टीमें इनकी धरपकड़ के प्रयास में जुटी हुई थीं। रामू दिवाकर से तमंचा व लूट के 400 रुपये बरामद किए गए है। रामू पर पहले से लूट का मुकदमा दर्ज है। जबकि कल्लू के पास से एक तमंचा व 500 रुपये मिले। कल्लूू करीब दो वर्ष पहले पूर्वा एक्सप्रेस में लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है। वह लूट, हत्या व गैंगेस्टर में वांछित है। मोहन के पास से चाकू व 700 रुपये बरामद किए गए। वह एनडीपीएस व चोरी के मामले में वांछित है। पकड़े गए युवकों की निशानदेही पर भरथना स्थित शिवप्रताप के हाता से मेरठ निवासी ट्रेन यात्री तेजवीर सिंह का लूटा गया बैग बरामद किया गया है। बैग से मिले वोटर कार्ड से यात्री के संबंध में जानकारी हुई। जीआरपी इससे पहले डकैती कांड में शामिल धरमू ठाकुर उर्फ धर्म सिंह पुत्र अमर सिंह तोमर व ढप्पे उर्फ विकास पुत्र गजेंद्र सिंह गौर निवासीगण चौधरी मेहरबान सिंह मार्ग भरथना सहित विकास गोस्वामी पुत्र दिनेश गोस्वामी व भोला पुत्र पूरन सिंह निवासीगण बृजराजनगर भरथना को गिरफ्तार कर चुकी है। डकैती कांड में अब तक सात युवकों की गिरफ्तार हो चुकी है। एसओ के मुताबिक अभी इतने ही बदमाश फरार चल रहे हैं।