जिले में सोमवार को रिकार्ड 32 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इनमें चकरनगर में कार्यरत एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी शामिल है। जिसने भरथना में रविवार को अभियान के तहत जांच कराई थी।
सोमवार को पॉजिटिव आए लोगों में 19 लोगों की जांच रविवार को हुई थी। इनमें 18 की जांच एंटीजन किट से हुई थी। शेष 13 लोगों में 10 की जांच 24 और 3 कि जांच 25 जुलाई को की गई थी।
3 दिन में 72 संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि कुल संख्या 633 हो गई है। किसी एक महीने में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित का आंकड़ा रविवार को ही पीछे छूट गया है। शहर में मिले 15 संक्रमितों में कलक्ट्रेट कालोनी में रहने वाला और चकरनगर में तैनात 48 साल का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी शामिल है।
अन्य संक्रमितों में पुरबिया टोला व कटरा शमशेर खान में एक ही परिवार के 4-4 लोग संक्रमित मिले। इसी प्रकार ज्योति नगर में भी एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित मिले।
इस परिवार के दो लोग पहले ही संक्रमित मिल चुके हैं। अशोक नगर में 24 वर्षीय युवक, बराही टोला का 38 वर्षीय युवक के अलावा स्टेशन रोड मड़ैया ख्यालीराम राम निवासी 80 वर्षीय वृद्धा की दोबारा जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वृद्धा 20 जुलाई को जिला अस्पताल में ट्रूनेट मशीन से हुई कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
भरथना में दो परिवार के पांच-पांच लोग संक्रमित समेत 14 लोग संक्रमित मिले हैं। महावीर नगर में 25 वर्षीय वार्डबॉय जो महेवा अस्पताल में तैनात है और इटावा में कोविड 19 के सैंपल लेने की टीम में शामिल है पॉजिटिव आया है। होमगंज में एक ही परिवार के पांच लोग संक्रमित हैं।
इनमें 40 वर्षीय दुकानदार उसकी 63 वर्षीय मां, 35 वर्षीय भाभी, 16 वर्षीय भतीजा व सात वर्षीय पुत्र के अलावा मोहल्ले का 28 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिले हैं। इसी प्रकार मोहल्ला श्रीनगर में एक परिवार के पांच लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 29 वर्षीय युवक उसकी 25 वर्षीय पत्नी, 35 वर्षीय भाभी, 15 व 9 वर्षीय भतीजी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं।
इनमें एक युवक का 24 जुलाई व शेष का 26 जुलाई को सैंपल लिया गया था। ग्रामीण क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में 23 वर्षीय छात्र के अलावा नगला प्रसाद में 22 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। दोनों का 24 जुलाई को सैंपल लिया गया था। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित दीक्षित ने बताया सभी लोगों को होम आइसोलेट किया गया है।
नगर पालिका ईओ रामआसरे कमल व कोविड19 प्रभारी आदित्य प्रताप सिंह की देखरेख में नगर के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर सैनिटाइज कराया गया। अन्य स्थानों में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में 28 वर्षीय युवक, महलई जसवंत नगर में 37 वर्षीय युवक के अलावा ग्राम अजबपुर में 80 साल की वृद्धा पॉजिटिव मिलीं हैं।