इटावा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को शहरी क्षेत्र स्थित किराना दुकानों से हल्दी पाउडर, पिसा धनिया, गरम मसाला के सैंपल लिए। होमगंज बाजार में फड़ लगाकर बिक रही रंगीन कचरी को फेंकवाया। एक डेरी से खोया का नमूना लिया। रंगीन कचरी के खिलाफ कार्रवाई होने पर आसपास बिक रही कचरी आनन फानन में समेट ली गई।
विभाग की टीम ने किराना दुकानों से सैंपल लेने की कार्रवाई रामगंज चौराहा के समीप स्थित हरिश्चंद जैन की दुकान से हल्दी पाउडर का नमूना लिया। यहां टीम ने दुकान में रखे अन्य खानपान से जुड़े आइटमों की बेस्ट बिफोर डेट की जांच की। इसके बाद टीम ने साबितगंज बाजार पहुंच कर व्यापारी नेता त्रिलोकीनाथ केसरवानी की किराना दुकान का जायजा लिया और पिसे धनिया का नमूना लिया।
टीम ने होमगंज मार्केट से कैलाश नाथ की दुकान से गरम मसाला का नमूना लेने के बाद ब्राउन गंज चौराहा के समीप फुटपाथ पर फड़ लगाकर बिकती चावल की रंगीन व पुरानी कचरी को फेंकवा दिया। इस कार्रवाई को देख जो अन्य लोग इसे बेच रहे थे। वह कचरी आदि चीजें समेट कर भाग गए। टीम ने तकिया आजादगान स्थित दिलीप तिवारी की डेरी पर जाकर खोया का नमूना लिया।
खाद्य सुरक्षाधिकारी ओम प्रकाश यादव ने बताया कि रंगीन कचरी की बिक्री को शासन ने प्रतिबंधित किया हुआ है। इसी के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 75 किलो कचरी फिकवाई गई है। इस दौरान विभाग के अन्य खाद्य सुरक्षाधिकारी मौजूद रहे।