नगर पंचायत बकेवर में स्थित प्राथमिक विद्यालय बकेवर प्रथम की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर विद्यालय में बड़ी धूमधाम से विद्यालय के शिक्षकों द्वारा मंगलवार को स्थापना दिवस मनाया गया।
इस दौरान शिक्षकों व अतिथियों ने केक काटा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सभासद नगर पंचायत बकेवर पुरुषोत्तम मिश्रा व कार्यक्रम अध्यक्ष राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र त्रिपाठी उपस्थिति रहे।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक नवनीत कुमार पांडेय ने कहा कि इस विद्यालय से पढ़कर सैकड़ों विद्यार्थी उच्च पदों पर पहुंचे हैं।
कभी इस विद्यालय के छात्र रहे वर्तमान में आईएएस विवेक त्रिपाठी, एक्सईएन अतुल पाठक व सीए अश्वनी चौधरी ने विद्यालय के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराया है।
सभासद पुरुषोत्तम मिश्रा ने बताया कि शीघ्र ही नगर पंचायत द्वारा विद्यालय का कायाकल्प कराया जाएगा। जितेंद्र त्रिपाठी ने भी कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजन से समाज का सीधा जुड़ाव विद्यालय से होता है।