13 दिन पूर्व अपहरण के शिकार हुए मासूम का पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा
पाई है लेकिन अपहरणकर्ता परिवारीजनों को फिरौती के पत्र भेजकर 20 लाख की
मांग कर रहे हैं। मासूम का फोटो भी पत्र के साथ लगाकर भेज रहे हैं। सोमवार
को पत्र लेकर आए एक आरोपी को ग्रामीणों ने दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर
रही है।
कासगंज के ज्याउद्दीनपुर गांव से आकाश (4) का सुबह 9 बजे गांव के ही
पंचायत घर के पास से अपहरण हो गया था। मासूम के अपहरण के मामले में कोतवाली
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की है लेकिन पुलिस अभी
तक कोई सुराग नहीं लगा पाई जबकि अपहरणकर्ता लगातार मासूम के परिवारीजनों तक
फिरौती का पत्र और उसका फोटो पहुंचा रहे है। पत्र में परिजनों को यह भी
धमकी दी गई कि अगर पुलिस को जानकारी दी तो वह बच्चों को मार डालेंगे।
मासूम
के अपहरण के 13 दिन बाद भी अपरहणकर्ताओं का सुराग न लग पाने से परिवारीजन
बेहद परेशान है। सोमवार शाम को एक युवक गांव में फिरौती का एक और पत्र देने
पहुंचा। जब गांव के विकलांग युवक गुरु ने पत्र लेने से मना कर दिया तो
अन्य ग्रामीण को देखकर वह भागने लगा। युवक के भागने पर ग्रामीणों को कुछ शक
हुआ तो उन्होंने पीछा कर उसे दबोच लिया। ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को
पकड़े गए युवक को सौंप दिया है। पकड़े गए युवक ने अपना नाम नरेश निवासी
भैसोरा बुजुर्ग बताया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।