एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव खंगारपुर में सोमवार सुबह युवती का शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। उसकी 19 जून को शादी थी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घर में चल रहीं शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं। परिजन ने पड़ोस में रहने वाले प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।
मृतका के पिता रामदास ने बताया कि रविवार को वह ससुराल गए थे। शाम को घर आए तो उसकी पुत्री साधना उर्फ सपना घर पर नहीं थी। उसकी काफी तलाश करने के बाद वह नहीं मिली। सुबह के समय करीब छह बजे गांव के बाहर पशुओं को बांधने वाले स्थान पर पेड़ पर साधना का शव लटका हुआ था। उसके गले में दुपट्टे से फंदा लटका हुआ था। सूचना मिलते ही परिजन में चीखपुकार मच गई।
ग्रामीणों के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रामदास का बताया कि साधना की शादी 19 जून को थी। खंजापुर गांव से बरात आनी थी। उन्होंने पड़ोस के युवक पर आरोप लगाया है कि उसने बेटी की हत्या कर यहां शव लटका दिया है। वह बेटी को फोन कर अक्सर परेशान करता था। उसने कुछ दिन पहले धमकी दी थी कि अगर बरात आई थी तो सभी बरातियों को वह मार देगा। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार घटना से गहरे सदमे में है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही ंहैं। इधर सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।
-
पोस्टमार्टम हाउस पर मारहरा विधायक ने परिजन से मिले
पोस्टमार्टम गृह पर सोमवार दोपहर को मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी पहुंचे। यहां उन्होंने मृतका के परिजन से मुलाकात करते उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच के निर्देश पुलिस को दिए हैं।
साधना फाइल फोटो