एटा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, 5 लोग घायल हो गए। इनमें से एक को आगरा रेफर किया गया है। कोतवाली नगर क्षेत्र में जीटी रोड के डिवाइडर पर सो रहे युवक को अज्ञात वाहन कुचल गया, तो अवागढ़ क्षेत्र में 20 जुलाई को हादसे में घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुष्पेंद्र कुमार (35) निवासी सेमरा मोर्चा थाना सिढ़पुरा जिला कासगंज यहां मजदूरी करते थे। बृहस्पतिवार की रात कोतवाली नगर के पास जीटी रोड के डिवाइडर पर सो रहे थे। नींद में डिवाइडर से नीचे लुढ़क गए और अज्ञात वाहन कुचल गया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे।
थाना अवागढ़ क्षेत्र में नावली गांव के पास 20 जुलाई को सड़क हादसे में संजेश कुमार (37) निवासी मकरंदपुर थाना एका जिला फिरोजाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आगरा में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की देर रात संजेश कुमार ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इसके अलावा अन्य सड़क हादसों में मुकेश निवासी मोहम्मदपुर फिरोजाबाद, संजीव कुमार और अजीत कुमार निवासी सिकंदराराऊ हाथरस, शकुंतला देवी निवासी भदवास थाना पिलुआ और सतीश चंद्र निवासी परकी अलीगढ़ घायल हो गए। सतीश चंद्र की हालत को नाजुक देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है।