एटा। गांव जरई थाना अमांपुर जिला कासगंज निवासी एक युवक पाइप गन की नली फटने से बुरी तरह से झुलस गया। बताया जा रहा है कि युवक धमाका करने का प्रयास कर रहा था, तभी हादसा हो गया। वहीं, कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला अवंतीबाई नगर में दो युवक सूतली बम चलाते समय बुरी तरह से झुलस गए।
गांव जरई निवासी राजू ने बताया कि उसका भाई संदीप बुधवार रात पटाखे चला रहा था। पटाखे खत्म होने के बाद घर में रखी हुई लोहे की पाइप गन निकाल लाया और गंधक-पोटाश भरकर चलाने लगा। तभी अचानक धमाके के साथ पाइप गन की नली फट गई। इसके चलते संदीप के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर हम सभी संदीप को लेकर मेडिकल कॉलेज एटा आए, यहां इसका उपचार चल रहा है।
दूसरी घटना में कोतवाली नगर क्षेत्र के अवंतीबाई नगर निवासी शिवम ने बताया कि वह अपने भाई संतराम के साथ बुधवार की रात घर पर पटाखे चला रहे थे। तभी संतराम सूतली वाला बम ले आया। हम दोनों भाई पटाखों को पकड़कर चलाने लगे तभी ब्लास्ट हो गया। धमाका होने के हाथ ही हम दोनों चपेट में आने से झुलस गए। परिजन मेडिकल कॉलेज लाए, यहां उपचार चल रहा है।