एटा। सर्दी का सितम जारी है। इससे लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। साथ ही दिल का दौरा पड़ने से मौत हो रही है। जनवरी माह में 15 व्यक्तियों की मौत दिल का दौरा पड़ने से हो चुकी है। बुधवार को इसी वजह से एक बुजुर्ग और एक युवक की मौत हो गई। जबकि मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में काफी संख्या में सीने में दर्द की शिकायत लेकर मरीज पहुंचे।
गांव कसैटी निवासी 40 वर्षीय मुकेश के सीने में दर्द की शिकायत हुई। उनकी कई दिन से सांस भी फूल रही थी। परिजन बुधवार को उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज आए। इमरजेंसी में चिकित्सकों ने मृत बता दिया। परिजन ने बताया कि करीब दस दिन से उन्हें सांस की दिक्कत हुई थी। सीने में दर्द बुधवार की सुबह ही उठा था। शहर के मोहल्ला परशुराम नगर निवासी 90 वर्षीय श्रीधर को बेहोशी की हालत में परिजन इमरजेंसी लेकर पहुंचे। इनको चिकित्सकों ने मृत बता दिया।
परिजन ने बताया अच्छे खासे थे। घर में ही टहल रहे थे। अचानक गिरे और बेहोश हो गए। जब मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत बता दिया। बुधवार को ओपीडी में मरीजों को देख रहे चिकित्सक डॉ. अंशुल यादव ने बताया कि ओपीडी में करीब 250 मरीज उनके कक्ष में दिखाने के लिए आते हैं। इसमें से लगभग 150 को सीने में दर्द की शिकायत होती है। बुधवार को भी लगभग इतने मरीज रहे। सर्दी के कारण सीने में दर्द की शिकायत के मरीज बढ़े हैं। युवा से लेकर बुजुर्ग तक इसकी चपेट में है। सभी को सर्दी से बचाव की सलाह दे रहे हैं। बुधवार को सीने में दर्द की शिकायत पर ओपीडी से दो मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती होने के लिए भेजा गया।
यह करें बचाव
- शरीर को ठंडा होने से बचाएं और गर्म रखें। अधिक मेहनत वाले व्यायाम करने से बचें।
- गर्म कपड़े पहनें और ठंड में रहने से बचें। टोपी, स्कार्फ, मोजे जरूर पहनें।
- खाना गरम खाएं और पानी भी गरम पिएं।
- गीले कपड़े बिल्कुल भी न पहनें।
- सर्दी में कई बार प्यास नहीं लगती लेकिन शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इसलिए नियमित तौर पर गुनगुना या गर्म पानी पीते रहें।