मारहरा-एटा। पंचायत चुनाव में विकास खंड मारहरा की ग्राम पंचायत खकरई के राजस्व ग्राम लालपुर देहामाफी के प्राथमिक विद्यालय में लगभग 25 वर्षों से विधानसभा चुुनाव के लिए मतदान केंद्र बनता आया है। अब पंचायत चुनावों में यहां बूथ न बनाए जाने पर प्रधान ने हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है।
खकरई से लालपुर की दूरी दो किमी होने के चलते गांव की प्रधान देवेंद्री देवी ने पंचायत चुनाव में 900 मतदाताओं की सुविधाओं को देखते हुए लालपुर देहामाफी में ही मतदेय स्थल बनाए जाने की मांग डीएम, सीडीओ से की। जिसकी जांच राजस्व विभाग से कराई गई। वहीं निदेशक पंचायती राज ने निर्वाचन आयोग के साथ ही डीपीआरओ को पंचायत चुनाव में लालपुर देहामाफी के मतदाताओं के लिए बूथ बनाए जाने के निर्देश दिए इसके बाद भी जिला स्तर से बूथ नहीं बनवाया गया।
देवेंद्री देवी ने गांव लालपुर देहामाफी के मतदाताओं की परेशानी को देखते हुए बूथ बनाने के लिए हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की है। ग्रामीण रामप्रकाश, अशोक कुमार, चरन सिंह, सुघड़पाल सिंह, महीपाल सिंह, बृजेश सिकरवार, राजवी सिंह, भगवान सिंह आदि ने कहा है कि यदि गांव में पंचायत चुनाव का बूथ नहीं बन सकता तो विधानसभा निर्वाचन का बूथ भी हटाया जा। वहीं लेखपाल नरेश चंद का कहना है कि बूथ की जांच कराई गई जिसकी संस्तुति रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। वहीं राजस्व निरीक्षक खिन्नीलाल वर्मा का कहना है कि लेखपाल की रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए मामला अग्रसारित कर दिया गया था।