एटा/जैथरा। फर्रुखाबाद के व्यक्ति की हत्या करके शव पेड़ से लटका दिया। बृहस्पतिवार की सुबह लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसके पास से मिले मोबाइल नंबर से परिजनों को सूचना दी। परिजनों की ओर से हत्या कर शव लटकाने की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना जैथरा भलोल रोड स्थित नर्सरी के पास बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे लोगों ने यूकेलिप्टस के पेड़ पर अनुज मिश्रा (45) निवासी बेला सराय गजा थाना शमशाबाद, जिला फर्रुखाबाद का शव लटका मिला। मृतक के भतीजे मनोज कुमार मिश्रा ने बताया है कि चाचा अनुज मिश्रा बुधवार की शाम बस में सवार होकर नोएडा में रहने वाले चचेरे भाई नीलकमल और राजकमल के पास से वापस आ रहे थे। चाचा अपने साथ टेलीविजन आदि सामान भी लेकर आ रहे थे, जैथरा के पास किसी ने उतारने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी और शव पेड़ पर लटका दिया। इनका कहना है कि शव ऐसी स्थिति में मिला है कि इसको देखकर साफ जाहिर हो रहा है कि हत्या की गई है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया है कि शव को उतारकर तलाशी ली गई तो एक मोबाइल और तीन हजार 653 रुपये मिले थे। मोबाइल से परिजनों को खबर दी गई थी। मृतक के भतीजे की ओर से दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।