एटा। छत पर धूप सेंकने जा रही बुजुर्ग महिला हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गई। थाना मलावन क्षेत्र के गांव नगला अगर में शनिवार की सुबह यह हादसा हुआ। महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मेडिकल कॉलेज में कुलदीप ने बताया कि 65 वर्षीय मां कृष्णा देवी रोज की तरह सुबह धूप लेने के लिए घर की छत पर जा रहीं थीं। इसी दौरान तेज हवा के चलते घर के बिल्कुल पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार छत की ओर आ गया और मां उसकी चपेट में आ गईं।
करंट लगते ही बुरी तरह झुलसकर छत पर गिर गईं। कुलदीप ने बताया कि हाईटेंशन लाइन घर के बिलकुल बराबर से गुजर रही है और हवा चलते ही तार अक्सर झुककर छत के करीब आ जाता है। इस खतरे के बारे में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को बताया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। संवाद