कंट्रोल रूम को हर थाने पर साइबर क्राइम हेल्प डेस्क बनाने के लिए निर्देश देते अपर पुलिस अधीक्षक
एटा। बढ़ते साइबर क्राइम को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को कंट्रोल रूम को फोन किया। 2 घंटे के अंदर हर थाने पर साइबर हेल्प डेस्क खोलने का आदेश दिया। इसके बाद थानों पर हेल्प डेस्क का गठन कर थानेदारों ने रिपोर्ट दी।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि जिले में जिस प्रकार से साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं उसको देखते हुए सभी थानों पर एक-एक साइबर क्राइम हेल्प डेस्क बनाने का निर्णय लिया है। शनिवार को आदेश देने के बाद कई थानों में स्वयं जाकर निरीक्षण भी किया। बताया कि दूरदराज के क्षेत्र से शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर ठगी के शिकार लोगों को जिला मुख्यालय आना पड़ता है।
इसके अलावा कभी-कभी 1930 पर कॉल करने में काफी समय लग जाता है। इन सभी समस्याओं को देखते हुए हर थाने पर बनाए गए साइबर क्राइम हेल्प डेस्क में एक पुलिसकर्मी तैनात रहेगा। इनको एक-एक आईपैड दिया गया है। कभी 1930 पर कॉल नहीं हो पाती है तो वह साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत तत्काल दर्ज कर सकेंगे।