एटा। थाना अवागढ़ के गांव बोर्राकलां में चारपाई के नीचे आग रखकर सोई एक महिला बुरी तरह झुलस गई। परिजन मेडिकल कॉलेज लाए। हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
गांव बोर्राकलां निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम सर्दी अधिक होने की वजह से मां शीला देवी ने चारपाई के पास एक तसले में अलाव जलाकर रख लिया था। कुछ ही समय बाद सर्दी बढ़ी तो वह रजाई में मुंह ढककर सो गईं। तभी किसी परिजन ने तसले को चारपाई के नीचे खिसका दिया।
किसी तरीके से उसमें से एक चिंगारी उठकर चारपाई में छू गई और आग सुलगने लगी। घर में धुआं देखकर हम लोग कमरे में पहुंचे। वहां देखा कि चारपाई जल रही है, चपेट में आने से मां परेशान थीं। हम लोगों ने चारपाई में लगी आग बुझाई। तब तक मां बुरी तरह से झुलस चुकीं थीं।
उन्होंने बताया कि उनको लेकर अवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, वहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। यहां पहुंचने पर चिकित्सक ने बताया कि हालत नाजुक है शीला देवी लगभग 90 फीसदी झुलस गई हैं। इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया। वहां एसएन मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में उपचार चल रहा है।