जीटी रोड पर अतिक्रमण हटाने को लेकर पुलिस व व्यापारियों में होती कहासुनी।
- फोटो : संवाद
एटा। नगर पालिका ने बुधवार को तीसरे दिन बस स्टैंड व जीटी रोड के दोनों ओर से अतिक्रमण हटवाया। दुकानों मकानों के आगे किया गया स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया।
जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पालिका तीन दिन से अतिक्रमण मुक्त अभियान चल रही है। बुधवार को ईओ वेदप्रिय आर्य की अगुवाई में बस स्टैंड से लेकर जीटी रोड पर दोनों ओर अभियान चलाया गया। नालों के ऊपर किए गए निर्माणों को बुलडोजर से तोड दिया गया। रेहड़ी, ठेल वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
कार्रवाई होती देख लोग स्वयं अतिक्रमण हटाते नजर आए। पालिका ने दुकानों के आगे तिरपाल और बांस, बल्लियों को जब्त कर लिया। क्षेत्राधिकारी नगर अमित राय, कोतवाली नगर प्रभारी राजेश चौहान, यातायात प्रभारी अनिल वर्मा, नगर पालिका कर्मी व पुलिस बल मौजूद रहा।