एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में रामलीला देखकर लौट रही महिला की बोलेरो की टक्कर से मौत हो गई। शिकोहाबाद रोड स्थित प्रेम नगर चौराहा के पास हादसा हुआ। वहीं अलग-अलग हादसों में मैनपुरी के चाचा-भतीजे सहित पांच लोग घायल हुए हैं, दो को रेफर किया गया है।
शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी अनुराधा (40) पत्नी नरेश कुमार की मंगलवार रात करीब 10 बजे बोलेरो की टक्कर से मौत हुई है। मृतका के पति ने बताया कि अनुराधा सैनिक पड़ाव से रामलीला देखकर रात को भतीजी परी व अन्य परिजनों के साथ घर लौट रही थी। बोलेरो चालक तेजी व लापरवाही से चलाता हुआ आया और टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल पत्नी को जिला अस्पताल लेकर आए, यहां इलाज शुरू किया ही गया था कि उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
थाना मलावन क्षेत्र स्थित गांव आसपुर के पास मंगलवार देरशाम डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार रामौतार सिंह और इसका भतीजा 18 वर्षीय अंजू निवासी इमानपुर थाना बिछवां जिला मैनपुरी घायल हुए हैं। दोनों एक बीमार रिश्तेदार को देखने एटा शहर आए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। कोतवाली देहात क्षेत्र मारहरा रोड पीएसी के पास मंगलवार की रात करीब आठ बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार नरेंद्र सिंह व वीरेश कुमार निवासीगण सराय जरैलिया थाना मारहरा घायल हुए हैं। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव जीसुखपुर निवासी टिंकू सिंह को पैदल जाते समय गांव के पास ही बाइक सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल रामौतार को सैफई और वीरेश कुमार को आगरा रेफर किया गया है।