एटा। थाना जलेसर क्षेत्र के गांव भ्याऊ में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला की फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। सास-ससुर सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सविता उर्फ कविता (22) पत्नी गिरीश चंद्र निवासी भ्याऊ थाना जलेसर की हत्या की गई है। विवाहिता के पिता रविकुल बाबू निवासी गढ़िया शीलम थाना मलावन का कहना है कि कविता की शादी दो साल पहले गिरीश चंद्र के साथ की थी। शादी के बाद से गिरीश, ससुर राजेंद्र सिंह, सास सरोज देवी, जेठ अनमोल, जेठानी रेखा और देवर अजीत सिंह अतिरिक्त दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे। यह बात बेटी ने कई बार फोन पर बताई। आरोप है कि नौ सितंबर को भ्याऊ के लोगों ने फोन करके बताया कि तुम्हारी बेटी कविता की हत्या फांसी लगाकर कर दी है। जब भ्याऊ पहुंचा तो बेटी का शव जमीन पर रखा मिला और ससुरालीजन फरार थे।
विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
एटा। थाना सकीट क्षेत्र के गांव दोदलपुर निवासी अमोल कुमार की 22 वर्षीय पत्नी नीतू ने शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर पर ही फांसी लगा ली। पति ने फंदे से उतारा और परिजनों के साथ जिला अस्पताल लेकर आया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। विवाहिता के भाई मोनू निवासी नगला छती थाना बेवर जिला मैनपुरी ने बताया कि बहन की 13 मई को शादी हुई थी। बहनोई अमोल किसी दूसरी युवती से बात करता था। बहन इसका विरोध करती थी, इसी बात को लेकर आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक सुभाष बाबू ने बताया कि कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी गई है। महिला की छह माह पहले ही शादी हुई थी। संवाद