राजा का रामपुर। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के गांव बिल्सड़ पछायां में बुखार के चलते 58 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इससे जहां परिजन में कोहराम मचा हुआ है। वहीं बुखार के हालातों को लेकर गांव वालों की चिंता और बढ़ गई है। इस गांव में कई दिन से बुखार का प्रकोप बना हुआ है।
नाथूराम की पत्नी सर्वेश को सोमवार को बुखार आया। जिसका उपचार कस्बा के एक निजी चिकित्सक से कराया गया। मंगलवार रात अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इस पर परिजन फर्रुखाबाद के एक अस्पताल में ले गए, लेकिन वहां चिंताजनक हालत देखते हुए भर्ती करने से मना कर दिया गया। इसके बाद परिजन वहीं दूसरे अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां सर्वेश को मृत बता दिया गया। मृतका के देवर मनोज दीक्षित ने बताया कि पूरा ही घर कई दिनों से बुखार से पीड़ित रहा है। उपचार के बाद अब बुखार तो चला गया लेकिन सभी के जोड़ों में दर्द और सूजन है। जिसकी वजह से चलने में काफी परेशानी होती है।
बताया कि हमारा पूरा मोहल्ला ही बुखार से पीड़ित चल रहा है। सभी को एक जैसी परेशानी है। बता दें कि बिल्सड़ के तीनों गांवाें में लोग बीमारी से ग्रसित है। अमर उजाला द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उपचार के लिए गांव में पहुंची। शिविर लगाकर रोगियों का उपचार किया। जिसके बाद भी ग्रामीणों को कोई लाभ प्राप्त नहीं हुआ। अधिकांश लोगों को आज भी समस्या बनी हुई है और वह निजी चिकित्सकों से इलाज करा रहे हैं।
-
उप स्वास्थ्य केंद्र की हालत है खराब
कस्बा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का सीएमओ द्वारा जायजा लिया गया था। ग्रामीणों को केंद्र के आसपास अतिक्रमण न करने की हिदायत दी थी, लेकिन आज भी उप स्वास्थ्य केंद्र पर अतिक्रमण व्याप्त है। आसपास लोगों ने घोड़ा, बग्गी खड़े कर रखे हैं। केंद्र पर कोई नहीं बैठता है और लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।