एटा। गांव मुबारकपुर निबरूआ में मंगलवार की देर शाम बुखार से एक महिला की मौत हो गई। करीब 20 दिन पहले ही उसका प्रसव हुआ था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे थे।
सकीट थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर निबरूआ निवासी रामलड़ैते ने बताया कि बेटी रूबी (35) को तीन दिन से बुखार आ रहा था।
मंगलवार की देर शाम उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। यह देखकर परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे।
यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि 20 दिन पूर्व ही रूबी को प्रसव हुआ था।
प्रसव के महज 20 दिन बाद रूबी की मौत से परिवार में मातम छा गया। नवजात के सिर से मां का साया उठने से परिजन गहरे सदमे में हैं।
परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। हो सकता है प्रसव के बाद किसी प्रकार का संक्रमण होने से महिला की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। इस मामले में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।