उत्तर प्रदेश के एटा में कस्बा व थाना सकीट के मोहल्ला काजी में शुक्रवार को एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई थी। मायके वालों ने पति व अन्य लोगों पर हत्या करने की आशंका जताई थी। सूचना पर पहुंचा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, तो मौत का कारण करंट लगना ही आया।
मोहल्ला दाऊद खां थाना मऊ दरवाजा जिला फर्रुखाबाद निवासी इश्तियाक अली ने बताया कि बहन सितारा बानो की शादी एक मई 2024 को सकीट कस्बा के मोहल्ला काजी निवासी राजू के साथ की थी। कुछ समय बाद ही बहनोई उसको परेशान करने लगा। आरोप लगाया कि वह किसी दूसरी महिला से बात करता था। इसका बहन विरोध करती थी। राजू आए दिन नशा करके आता और उसको पीटता था।
इस प्रकार की जानकारी बहन फोन करके देती रहती थी। वहीं, मृतका के पति राजू ने बताया कि सितारा बानो बृहस्पतिवार की शाम लोहे की अलमारी से कपड़े निकाल रही थी। इसी दौरान अलमारी में लगे बल्ब के तार में आ रहे करंट की चपेट में आकर सितारा की मौत हो गई।
मगर मृतका के भाई ने हत्या की आशंका जाहिर की थी। शुक्रवार को हुए पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट में मौत का कारण करंट लगना ही आया है। सीओ सकीट नीतीश गर्ग ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आती है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।