सराय अगहत के मोहल्ला बंजारा में शुक्रवार को जुआ खेलने के लिए रुपये नहीं देने से गुस्साए पति ने पत्नी पर केरोसिन छिड़क कर जला दिया। पति ने मासूम बेटी को भी जमीन पर पटक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने महिला ने पति पर जलाने का आरोप लगाया है। महिला को सरकारी एंबुलेंस से अलीगंज सीएचसी भेजा गया है। घटना के बाद पति फरार है।
सराय अगहत कस्बा के बंजारा मोहल्ला निवासी संटू मजदूरी करता है। उसे शराब पीने और जुआ खेलने की लत लग चुकी है। एसओ नया गांव ने बताया कि शुक्रवार को संटू जुआ खेलने के लिए दो बार अपनी पत्नी सुमन (25) से आठ हजार रुपये ले गया था। यह पैसा वह जुआ में हार गया। जब उसने पुन: पत्नी से जुआ खेलने के लिए रुपये मांगे तो पत्नी ने इंकार दिया। इसी से गुस्साए संटू ने पहले सुमन को पीटा और फिर उसे घर के बाहर चबूतरे पर घसीट कर लाया। यहां सुमन के ऊपर केरोसिन डाल कर आग लगा दी। ग्रामीणों ने किसी प्रकार महिला को आग की लपटों से बचा कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एसओ नया गांव के बताया कि महिला पचास प्रतिशत झुलसी है। महिला ने अपने बयान में पति पर केरोसिन छिड़क कर जलाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि संटू ने मासूम बेटी (6) को भी जमीन पर पटक दिया था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला को अलीगंज सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया है।