एटा। थाना मलावन क्षेत्र के गांव शाह आलमपुर में पानी भरने को लेकर जेठानी और देवरानी के मध्य विवाद हो गया। जिसके चलते जेठानी ने देवरानी की जीभ को दांतों से काटकर अलग कर दिया। चिकित्सक ने गंभीर हालत में महिला को मेडिकल कॉलेज से आगरा रेफर किया है।
गांव शाह आलमपुर निवासी रविंद्र ने बताया की पत्नी रीमा की पानी भरने को लेकर भाभी राजकुमारी और भतीजी खुशबू से लड़ाई हो गई। पहले भी कई बार विवाद हुआ है लेकिन, शनिवार को हुए विवाद में राजकुमारी और खुशबू ने मिलकर रीमा को पीटा। इतना ही नहीं राजकुमारी ने रीमा की जीभ को दांतों से काटकर अलग कर दिया। चीख-पुकार सुनकर अन्य लोग बचाने पहुंचे और किसी तरह से रीमा को उनके चंगुल से बचाया। गंभीर रूप से घायल रीमा को लेकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। थाना प्रभारी रोहित राठी ने बताया कि शिकायत पर गांव में पहुंचे। लेकिन, कोई भी आरोपी मौके पर नहीं मिला।