एटा। मलावन थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर नगरिया निवासी एक युवक शनिवार को अपनी पत्नी को बुलाने ससुराल नगला शंकर उर्फ नगला ठेका थाना जैथरा पहुंचा। वहां पत्नी ने उसको शराबी कहकर ससुराल लौटने से मना कर दिया। इससे आहत होकर युवक ने वहीं जहर खाकर जान दे दी। मृतक के बड़े भाई ने महिला सहित 7 ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट लिखाई है।
गांव कुंवरपुर नगरिया निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि छोटे भाई जितेंद्र (38) की जैथरा थाना क्षेत्र के गांव नगला शंकर में ससुराल है। उसकी पत्नी नीलम 15 दिन पहले अपने मायके गई थी। शनिवार की शाम जितेंद्र पत्नी को लेने ससुराल पहुंच गया। वहां जाकर उससे घर चलने को कहा तो उसने साथ चलने से मना कर दिया। कहा कि तुम दिन भर शराब पीते हो। इसलिए तुम्हारे साथ नहीं जाऊंगी।
थाना प्रभारी जैथरा राजकुमार सिंह ने बताया कि युवक अपने साथ विषाक्त पदार्थ लेकर आया था। पत्नी के साथ चलने से मना करते ही उसने जेब से निकालकर विषाक्त खा लिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। पत्नी व ससुराल के लोग उसको लेकर धुमरी स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचे। वहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की जेब से सुसाइड नोट और सल्फास के खाली पाउच मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। सीओ अलीगंज शुधांशु शेखर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी ने किया अपमान, ससुराल वालों ने मिलकर पीटा
धर्मेंद्र ने बताया कि ससुराल में पहुंचने पर जितेंद्र का उसकी पत्नी ने अपमान किया। ससुर रामसेवक, सास मीना, नीलम, आशीष, अमरदीप, रमन व चमन ने जितेंद्र को पीटा। इसके अलावा अन्य तरीकों से भी उसको प्रताड़ित किया गया। जिसके कारण उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उसके पास मिले सुसाइड नोट में उसने यह सब बातें लिखी हैं।