एटा। थाना सकरौली क्षेत्र के गांव काजीपुर बदनपुर में रविवार की सुबह एक युवक का शव गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर लटका मिला। जिसके बाद लोगों ने देखा तो वह गांव की ही युवक था। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को उतारकर घर ले गए। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जिसके बाद मृतक के पिता ने 4 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
गांव काजीपुर-बदनपुर निवासी रघुवीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा विजय (25) चालक है। वर्तमान में वह एक निजी बस चलाता है। शनिवार को गांव का ही दिनेश उसके पास आया और बोला कि जिस बस पर मैं परिचालक हूं, उस पर कोई चालक नहीं है। तुम मेरे साथ चलो और उसी बस पर चालक के रूप में काम करो। विजय उसकी बातों में आकर चला गया। जलेसर कस्बा में बस अड्डे पर गांव का ही संजू और उसकी पत्नी नहनी व सुरेश शर्मा निवासी करहला थाना जलेसर पहले से मौजूद थे।
विजय ने वहां मौजूद संजू से तीन साल पहले उधार दिए अपने 50 हजार रुपये की मांग की। यह सुनकर संजू विवाद करने लगा और नहनी व सुरेश शर्मा ने उसको पीटना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर दिया। मृतक के भाई राकेश कुमार का आरोप है कि इसके बाद इन लोगों ने उसको मारकर गांव से लगभग 1 किलोमीटर दूर भूरी सिंह के खेत में लगे जामुन के पेड़ पर लटका दिया। शाम को जब विजय घर नहीं पहुंचा तो काफी खोजबीन की लेकिन नहीं मिला।
सुबह गांव के लोग जब खेतों की ओर शौच क्रिया के लिए गए तो विजय पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। जानकारी मिने पर शव को घर ले आए बाद में पुलिस के आने पर पोस्टमार्टम के लिए ले गए। थाना प्रभारी नरेश सिंह ने कहा कि अभी हत्या के आरोप की कोई तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, बाद में तहरीर मिलती है तो जांचकर कार्रवाई की जाएगी।