एटा। ब्लॉक शीतलपुर क्षेत्र के गांव छितौनी की निवासी गुड्डी देवी ने पिछले 6 वर्षों से न्याय की आस में लगातार अधिकारियों से गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं मिला। शनिवार को पीड़िता समाधान दिवस पहुंची और अधिकारियों के सामने अपना दर्द बयां किया।
तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस में अपनी फरियाद लेकर पति के साथ आई गुड्डी देवी ने बताया कि उनके ससुर खुशालीराम ने अपनी संपत्ति उनके नाम वसीयत कर दी थी, लेकिन उनके देवर लालसिंह, मौहर सिंह और अन्य रिश्तेदारों ने जबरदस्ती कब्जा कर लिया। आरोप है कि 2018 में उनके घर में आग लगाकर सारा सामान और दस्तावेज जला दिए थे। इसके बाद से ही वह न्याय के लिए दर-दर भटक रही हैं। कई बार पुलिस और राजस्व विभाग में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया कि स्थानीय लेखपाल की वजह से जमीन कब्जा मुक्त नहीं हो पाई है।
आरोप है कि 21 फरवरी 2024 को उनके साथ मारपीट की गई और उनकी कुछ व्यक्तिगत वस्तुएं और ईंटें भी जबरदस्ती छीन ली गईं। यह मामला स्थानीय पुलिस और राजस्व अधिकारियों के संज्ञान में है, लेकिन किसी ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया। एसएसपी को भी पत्र लिखा, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला और आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।