ग्रामीण भारत कल्याण परिषद के बैनर तले गांव पुरा के किसानों ने बुधवार को बंबा में टेल तक पानी न पहुंचने की शिकायत डीएम और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से की है।
किसानों ने बताया कि गांव पुरा आने वाले बंबा का पानी काफी दिनों से टेल तक नहीं पहुंच रहा है। इसका कारण ईसन नदी की पुलिया पर बंबा की पानी की निकासी के लिए लगभग 60 फुट लंबा लोहे का चैंबर लगा है, जो कई जगह से फूटा हुआ है। इसके चलते इसका पानी ईसन नदी में गिर जाता है, और पुरा टेल तक पानी नहीं पहुंच पाता है। इसके चलते क्षेत्रीय किसानों को कई वर्ष से सिंचाई संकटों से जूझना पड़ रहा है।
इस मौके पर कैलाश लोधी, धर्मेंद्र कुमार, बृजपाल सिंह, राकेश कुमार, मनोज कुमार, चंद्रप्रकाश, महेशचंद्र, चंद्रपाल, शशीकांत, गोपालबाबू, सौदान सिंह, भरत सिंह आदि लोग मौजूद थे।