गांव धरपसी में विद्युत निगम की विजिलेंस टीम को बंधक बनाकर वार्ता करते ग्रामीण। संवाद
मारहरा। दो माह से रात में बिजली आपूर्ति न मिलने से गुस्साए धरपसी गांव के लोगों ने मंगलवार को गांव में आई विजिलेंस की टीम को बंधक बना लिया। टीम के बंधक बनाए जाने की खबर पर बिजली अधिकारियों में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस भी गांव में पहुंच गई। दो घंटे चली वार्ता के बाद एक्सईएन के आश्वासन पर टीम को छोड़ा गया।
दो माह से रात में बिजली आपूर्ति न मिलने पर धरपसी गांव के लोगों में आक्रोश है। कई बार विद्युत निगम के अधिकारी गांव में जांच को पहुंचे। बिजली अधिकारियों के कहने पर भी स्थिति नहीं सुधर सकी। गुस्साए ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले विद्युत निगम के अधिकारियों को आंदोलन करने और नदरई बिजली घर के घेराव की चेतावनी दी थी। इस सबके बीच मंगलवार को विद्युत निगम की विजिलेंस टीम बिजली चोरी की सूचना पर चेकिंग करने गांव पहुंच गई।
टीम के गांव पहुंचते ही गुस्साए ग्रामीणों ने उसको बंधक बना लिया। जानकारी पर थाना प्रभारी केके लोधी भी फोर्स के साथ पहुंच गए। दो घंटे तक चली वार्ता के बाद एक्सईएन कासगंज के आश्वासन पर ग्रामीणों ने टीम को जाने दिया। रेलवे लाइन के पार बसे जिले के धरपसी गांव की बिजली आपूर्ति कासगंज के नदरई बिजली घर से जुड़ी है। आपूर्ति के लिए गांव में एक ट्रांसफॉर्मर रखा है जिसे नलकूप की लाइन से जोड़े जाने की वजह से रात की आपूर्ति बंद है।
एसडीओ पंकज कुमार ने बताया कि गांव की लाइन को सही कराने का कई बार प्रयास किया गया लेकिन गांव के लोगों के व्यवधान पैदा करने की वजह से ठीक नहीं हो पा रही है।