नोट बंदी के आठवें दिन जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की बैंकों में रुपये नहीं मिलने और व्यवस्था खराब होने पर ग्राहकों ने बैंकों में जमकर हंगामा किया। वसुुंधरा में पुलिस ने भीड़ को खदेड़ना पड़ा।
हाईवे के किनारे इलाहाबाद बैंक शाखा बुधवार सुबह 10:45 पर खुली तो पहले से लाइन में खड़ी भीड़ ने एक साथ घुसने प्रयास किया। इस पर पुलिस और बैंक कर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो भीड़ ने हंगामा करते हुए नारेबाजी शुुरू कर दी। किसी प्रकार पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर कामकाज शुरू कराया। इसके बाद अरुणानगर स्थित एसबीआई की कृषि विकास शाखा में एक खिड़की होने पर ग्राहकों द्वारा कई हाथ डालने और रुपये छीनने पर हंगामा हो गया। ग्राहकों ने बैंक और पुलिस कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी कर दी। किसी प्रकार बैंक में मौजूद एक कर्मचारी ने शांत रहने को कहा और कामकाज शुरु कराया। आगरा रोड स्थित वसुंधरा कस्बे की एसबीआई शाखा में बुधवार शाम उस वक्त अफरतफरी मच गई, जब चार बजे बैंक ने कैश जमा और निकासी बंद कर मेन गेट का ताला बंद कर लिया। इसी से गुस्साए लोगों ने गेट बजाना शुरू किया तो बैंक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जब बैंक के गार्ड ने मैनगेट खोला तो ग्राहकों ने बैक के अंदर घुसकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ते देख बैंक प्रशासन ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा, जब जाकर बैंक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
-------------------------
बैंक और डाकघर दोनों से लोग परेशान
राजा का रामपुर। भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक शाखाओं में बुधवार सुबह सुबह आठ बजे से ही बैंक के बाहर लंबी लाइन लग गई। बैंक खुलने पर पहले घुसने को लेकर जमकर धक्कामुक्की हुई। ग्राहकों को आरोप है कि कैश खत्म होने और सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर बैंक अधिकारी टरका रहे हैं। कस्बा राजा का रामपुर के डाकघर में आदेश होने के बाद भी कर्मचारियों ने एक भी ग्राहक का नोट नहीं बदला है। कर्मचारी कैश नहीं होना बताकर ग्राहकों को टरका रहे हैं।
---------------------
प्रबंधक की लापरवाही से ग्राहकों में नाराजगी
मारहरा/जलेसर। पिवारी स्थित ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त में कैश नहीं होने से ग्राहक नाराजगी जताकर लौट गए। प्रबंधक ने सैकड़ों की संख्या में ग्राहकों से पासबुक एकत्रित कर ली है। जब ग्राहकों ने पासबुक मांगी तो खुद देख कर ले जाने को कह दिया। इसके चलते ग्राहकों में जम कर धक्कमुक्की हुई। वहीं एसबीआई शाखा में महिलाओं और पुरुषाें की दिनभर लंबी लाइन लगी रही। जलेसर में स्टेट बैंक, केनरा बैंक और डाकघर में भीड़ नियंत्रित करने को पुलिस तैनात करनी पड़ी। नाराज उपभोक्ताओं ने डाक घर में मारपीट भी कर दी। श्रेयस ग्रामीण बैंक में नोट नहीं होने कारण ग्राहक मासूम होकर लौटे। पिलखतरा स्थिति पंजाब नेशनल बैंक दोपहर 12 बजे तक नहीं खुलने से खाता धारक परेशान दिखे।
-------------------
बैंक शाखाओं में खत्म हुआ कैश
अलीगंज/सराय अगहत। नगर स्थित एसबीआई शाखा में बुधवार को कैश निकासी और जमा दोनो हुए, जबकि नगर की केनरा, यूको, बीओबी, ग्रामीण बैंक, बीओआई में सिर्फ पुराने नोट जमा हुए। इसके चलते ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राहक सुबह से लाइन में लगे थे, लेकिन दस बजे पता चला कि कैश उपलब्ध नहीं है। इसके चलते ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ा। वहीं सराय अगहत स्थित एसबीआई शाखा से ग्राहकों को 10-10 हजार रुपये वितरित होने से ग्राहकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जबकि डाकघर में भीड़ कम दिखाई दी।