कासगंज-बरेली रेलमार्ग पर वैष्णो देवी यात्रा स्पेशल ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। कासगंज सिटी एवं सोरों रेलवे स्टेशन के बीच इंजन का कपलिंग टूट गया। इंजन आगे दौड़ता चला गया और बोगियां पीछे छूट गईं।
जानकारी होने पर रेल प्रशासन ने टूटी कपलिंग की मरम्मत के बाद बोगी जोड़कर ट्रेन को रवाना करा दिया। इस मामले के बाद 20 मिनट तक ट्रेन रुकी रही।
मंगलवार को लखनऊ से वैष्णो देवी यात्रा स्पेशल ट्रेन संख्या 00421 जम्मू तवी के लिए जा रही थी। यह ट्रेन लखनऊ से फर्रुखाबाद होती हुई कासगंज पहुंची। इसके बाद ट्रेन कासगंज से बरेली की ओर रवाना हुई। कासगंज सिटी स्टेशन से ट्रेन कुशलता से पास हुई।
उसके बाद सोरों पहुंचने से पांच किलोमीटर पहले फाटक संख्या 302 के पास रेल इंजन का बोगियों को कनेक्ट करने वाला कपलिंग टूट गया। इससे इंजन और बोगी विभक्त हो गए। इंजन काफी आगे दौड़ता चला गया और कुछ दूरी चलने के बाद बोगियां रुक गईं। ट्रेन के गार्ड ने चालक से संपर्क किया तो मामले की जानकारी दी।
उसके बाद इंजन वापस बोगियों के पास पहुंचा और कपलिंग की मरम्मत के बाद ट्रेन को बरेली की ओर रवाना किया गया। यहां करीब 20 मिनट तक ट्रेन रुकी रही। इंजन और बोगी के अलग-अलग होने की जानकारी जब यात्रियों को हुई तो वे घबरा गए।
रेलवे कंट्रोल को मामले की जानकारी दी गई। सोरों के स्टेशन अधीक्षक कैलाश चंद्र मीना ने बताया कि कपलिंग लूज होने के कारण यह समस्या पैदा हुई। कपलिंग की मरम्मत के बाद ट्रेन बरेली की ओर रवाना कर दी गई।