एटा। सरकारी स्कूलों के समायोजन के विरोध में मंगलवार को आम आदमीपार्टी ने निधौली कलां ब्लॉक क्षेत्र में स्कूल बचाओ पदयात्रा निकाली। यह यात्रा राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में निकाली गई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को मधुशाला नहीं पाठशाला चाहिए। प्राथमिक विद्यालय भटियार से यात्रा शुरू की गई। इससे पहले विद्यालय और गांव के बच्चों, अभिभावकों से आप सांसद ने बात की।
कहा कि सरकार यह कैसे सोच सकती है कि छोटे-छोटे बच्चे रोज़ 4–5 किलोमीटर दूर पढ़ने जाएं। यहां जिस गांव में स्कूल शिफ्ट किया गया है, उसके बीच एक नदी है, जिसमें पहले दो बच्चों की जान जा चुकी है। क्या योगी सरकार किसी और मासूम की जान की कीमत पर शिक्षा का अधिकार छीनना चाहती है? उन्होंने कहा कि 2024 में योगी सरकार ने 27308 शराब के ठेके खोले और उसी साल 26000 स्कूल बंद कर दिए। अब 2025 में 27000 और स्कूल बंद करने की तैयारी कर रही है।
यह बच्चों से उनका हक छीनने और शिक्षा को व्यापार का माध्यम बनाने की साजिश है। विधायक चौधरी सुरेंद्र कुमार, ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. हृदेश चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता एवं संगठन प्रभारी प्रशांत कुमार यादव, अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल, एटा जिलाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र यादव, जिला महासचिव मौ. सोहेब आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।