एटा। ग्राम पंचायतों में सफाईकर्मी लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने 5 सफाई कर्मियों का गैरहाजिर रहने पर वेतन रोका है।डीपीआरओ डॉ. प्रीतम सिंह ने मंगलवार को बताया कि गांवों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सभी एडीओ पंचायत से कहा गया है कि वह राजस्व गांवों में प्राथमिकता पर साफ-सफाई कराएं। गांवों में नालियों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष सफाई कार्य कराया जाए।
जलभराव न होने पाए इसके लिए ऐसे स्थलों पर मिट्टी का भराव कराया जाए ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके। वहीं, लोगों को भी घरों और आसपास साफसफाई रखने और जलभराव न होने देने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने बताया कि 1 से 15 जुलाई तक विकास खंड जैथरा की ग्राम पंचायत गढ़ी रोशन में सुखपाल सिंह, सरौंठ पछाया में रितिक कुमार, गांव मलूक में सुरेंद्र, गैसिंहपुर में संजीव कुमार, ततरई में मुनेश कुमार गैरहाजिर रहे। इन सभी सफाई कर्मचारियों का अनुपस्थित दिवसों का वेतन रोका गया है। संवाद