एटा। रिजोर थाने में महापुरुषों की फोटो लगाने में भेदभाव का आरोप लगा कुछ लोगों ने हंगामा किया। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वायरल किए गए वीडियो में कई युवक रिजोर थाना स्थित थाना प्रभारी के कक्ष में घुसे हुए हैं। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के बीच ही हंगामा कर रहे हैं। इसमें दिखाया जा रहा है कि महापुरुषों और महत्वपूर्ण पदों पर आसीन लोगों के फोटो दीवार के ऊपरी हिस्से पर लगे हुए हैं। जबकि डॉ. भीमराव आंबेडकर का चित्र नीचे मेज पर रखा हुआ है।
इसे लेकर युवक आपत्ति जताते हुए डॉ. आंबेडकर का अपमान किए जाने का आरोप थाना पुलिस पर लगा रहे हैं। इस बीच मौजूद पुलिसकर्मियों से भी उनकी नोकझोंक हो रही है। युवकों की आपत्ति के बाद पुलिसकर्मी फोटो को अन्य तस्वीरों के साथ ही लगवाने का आश्वासन दे रहे हैं और इसे उठा भी लिया। वीडियो को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नाम से कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल किया गया है।