मारपीट में घायल युव का सकीट सीएचसी पर इलाज करते कर्मचारी।
- फोटो : मारपीट में घायल युव का सकीट सीएचसी पर इलाज करते कर्मचारी।
सकीट। क्षेत्र के कुल्ला मार्ग पर शराब के ठेके पर हुई मारपीट में बीचबचाव करने आए दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार कर हमले में घायल दोनों युवक को अस्पताल भेजा है।
कुल्ला हबीबपुर में बृहस्पतिवार को पीर बाबा की मजार पर मेला लगा था। इसमें शामिल होने के लिए आसपास के गांव के लोग बड़ी संख्या में आ रहे थे। रास्ते में शराब की दुकान पर करमचंद्रपुर गांव का एक व्यक्ति साइकिल खड़ी कर शराब पीने लगा। नशे की हालत में वह साइकिल चोरी होने की बात करते हुए कुल्ला हबीबपुर के एक युवक पर आरोप लगाने लगा।
विवाद बढ़ने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कुल्ला हबीबपुर के युवक को पीटना शुरू कर दिया। वहां से गुजर रहे शेखपुरा गांव के रिंकू ओर कुलदीप बीचबचाव करने लगे।
आरोप है कि करमचंद्रपुर के लोगों ने इन दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक चाकू से हुए हमले में दोनों युवक घायल हो गए। जानकारी पर मेले में तैनात पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर भागने लगे। पुलिस ने एक को दबोच लिया।
थाना प्रभारी चमन गोस्वामी ने बताया कि शाम को हुई घटना में एक हमलावर को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल युवकों की तरफ से तहरीर मिलने पर हमलावरों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।